हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अमर उजाला की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन हुआ। इसमें पुलिस उपाधीक्षक ने छात्राओं को स्वावलंबी बनने के लिए मेहनत के साथ पढ़ाई करने की सीख दी। सुरक्षा से शुरू हुई चर्चा स्वावलंबन और पारिवारिक मूल्य पर भी पहुंची। मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर भी सचेत किया। खास तौर से कहा गया कि छात्र-छात्राएं सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटा कतई साझा न करें। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए।
पुलिस उपाधीक्षक विधि भूषण मौर्य ने कहा कि समाज तेजी से बदला है। लोगों की मानसिकता भी बदल रही है, लेकिन आज भी कुछ ऐसे शरारती लोग हैं जो दूसरों को परेशान करते हैं। ऐसे में डरने की नहीं, बल्कि खुलकर सामने आकर अपनी बात कहने की जरूरत है। अगर लगता है कि थाने या पुलिस के पास नहीं जा सकती हैं तो आप 1090 पर कॉल करें। इस नंबर पर दी गई सूचना गुप्त रखी जाती है।
प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने छात्राओं से संवाद के दौरान कहा कि स्वावलंबी बनने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने हेल्प लाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 112 के बारे में जानकारी दी। क्राइम इंस्पेक्टर दिग्विजय नाथ तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो कभी साझा न करें।
प्राचार्य प्रोफेसर अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने कहा कि शोषण के खिलाफ खुलकर बोलें झिझकें नहीं। इस दौरान प्रोफसर अरुण कुमार‚ डा.शुभ्रा सिंह‚ डा.संजय कुमार सिंह‚ डा.लालचंद पाल‚ सुनील कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन डा.राकेश कुमार सिंह ने किया।
000000
सवाल: वाहन चेकिंग कर पुलिस क्यों परेशान करती है।- सोनाली सिंह
जवाब: नागरिकों की सुरक्षा के लिए चेकिंग की जाती है।
सवाल: समस्या होने पर कहा फोन करें। -ज्योति
जवाब : सामान्य समस्या के लिए 112 की सहायता लें।
सवाल: महिला संबंधित अपराध के लिए कहां जाए। -पूजा गुप्ता
जवाब: कही जाने की आवश्यकता नहीं है, तत्काल 1090 नंबर पर काॅल करें।
सवाल: बच्चों को अगर समस्या हो तो क्या करें। -गरिमा यादव
जवाब: 1098 पर फोन कर समस्या बता सकते हैं।
सवाल: पुलिस प्रताड़ित करें तो क्या करें। -आदिति उपाध्याय
जवाब: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी या 1076 पर शिकायत करें।
सवाल: कोई परेशान करें तो क्या करें। -संस्कृति यादव
जवाब : 1090 पर फोन कर सहायता प्राप्त करें।