वन विभाग, विद्युत वितरण खंड चतुर्थ, नगरपालिका परिषद जमानिया और नगर पंचायत जंगीपुर में सबसे कम वसूली व रैंकिंग में फिसड्डी होने पर जिलाधिकारी ने फटकार लगाते हुए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली का निर्देश दिया। शुक्रवार को जिलाधिकारी एमपी सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं मासिक स्टाफ बैठक जिला पंचायत सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने चकबंदी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, परिवहन, वन विभाग, स्टांप, नगरपालिका, आडिट आपत्ति, अंश निर्धारण, आईजीआरएस, मोटर देय के संबंध में समीक्षा की।
वाणिज्य कर में 68 प्रतिशत, स्टांप देय 85 प्रतिशत, आबकारी 81 प्रतिशत लक्ष्य से कम होने पर नाराजगी जताते हुए प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने खनन अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गंगा नदी में बाढ़ की स्थिति कम हुई है। ऐसे में खनन माफिया सक्रिय होंगे। इस पर पैनी नजर रखते हुए किसी भी दशा में अवैध खनन न होने दिया जाए।
उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि अवैध और नकली शराब बिक्री पर नजर बनाए रखें तथा किसी भी दशा में अवैध शराब की तस्करी/बिक्री न होने दिया जाए। यदि जनपद में कहीं किसी भी व्यक्ति की मृत्यु जहरीली शराब के कारण होती है तो संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह पूर्ण कर अंतिम रूप प्रदान किया जाए ।
उन्होंने कम राजस्व वसूली वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान करें । स्पष्ट किया है कि जिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ली।
बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज , विवादित वादों का निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में समीक्षा करते हुए राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में सभी पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण गुण एवं दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन करना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी से मिले।