गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर जिले के सभी शिव मंदिरों पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पहुंचकर माथा टेकेंगे। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने महाहर धाम एवं अन्य शिव मंदिरों का बृहस्पतिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की भीड़ ज्यादा रहेगी। मंदिरों में दर्शन की कोई समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पहले से तैयारियां कर ली जाए। महाहर धाम पर महाशिवरात्रि पर्व की निगरानी के लिए सीसी कैमरा की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली जाए। मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों से जनसंवाद के माध्यम से त्योहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। इस मौके पर उपजिलाधिकारी कासिमाबाद आशुतोष कुमार, एसपीआरए बलवंत चौधरी, सीओ कासिमाबाद चोब सिंह, बीडीओ अनुराग राय आदि मौजूद थे।