गाजीपुर। हाथ में कटआउट लिए एक व्यक्ति बुधवार को सरजू पांडेय पार्क में पहुंचा। कटआउट पर लिखा हुआ था डीएम साहिबा इंसाफ दिलाओ, सेवराई तहसील प्रशासन और जमानिया विधायक के दबाव में मेरी रजिस्ट्री भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। इसके बाद डीएम कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि अगर मेरी हत्या होती है तो इसके जिम्मेदार सपा विधायक और एसडीएम सेवराई होंगे। मामला संज्ञान में आते ही डीएम ने मामले की जांच एडीएम से कराने की बात कही है।
सेवराई गांव निवासी मुहम्मद इसरार ने बुधवार को डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि रजिस्ट्री की भूमि पर जमानिया से सपा विधायक व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह और उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव जबरदस्ती कब्जा करवा रहे हैं। जमीन के अंदर सामुदायिक शौचालय का बारजा निकाला जा रहा है। मना करने पर जनप्रतिनिधि के लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई। साथ ही कहा कि उसकी हत्या हो सकती है, यदि ऐसा हुआ तो इसके जिम्मेदार विधायक और एसडीएम होंगे। उधर इस संबंध में पूछे जाने पर विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने आरोप को बेबुनियाद बताया है। वहीं, एसडीएम संजय यादव ने कहा कि आरोप लगाने वाला व्यक्ति जमीन पर कब्जा चाहता है, जबकि दाखिल खारिज तक नहीं हुआ है। जमीन पर किसी का कब्जा नहीं है। हम नियमानुसार ही कार्रवाई कर रहे हैं, आरोप निराधार है। डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि मामले की एडीएम से जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।