सैदपुर और जमानिया में रिक्त चल रही कोटे की चार-चार दुकानों को चलाने का कार्य पूरा नहीं करने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दो एसडीएम समेत पांच अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। शासन की मंशा है कि गरीबों को उनके गांव में ही स्थित उचित दर की दुकानों से सस्ते दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी के बार-बार के निर्देश के बाद भी सैदपुर और जमानिया तहसील की चार-चार उचित दर की दुकानें दो माह से अधिक समय से रिक्त हैं। इसमें सैदपुर में ग्राम पंचायत गौरी, सोनियापार, विकासखंड सादात में दलीपराय पट्टी, विकासखंड देवकली में महुलिया तथा तहसील जमानिया में ग्राम पंचायत रघुनाथपुर, महली, ढढ़नी भानमल राय, विकासखंड रेवतीपुर के मेदिनीपुर की उचित दर की दुकानें दो माह से अधिक समय से रिक्त हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए रिक्त दुकानों की कार्रवाई पूर्ण करने तक उपजिलाधिकारी सैदपुर विक्रम सिंह, उपजिलाधिकारी जमानिया शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्ति निरीक्षक देवकली विजय कुमार, पूर्ति निरीक्षक सैदपुर परवेज असलम खान, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जमानिया मनोज कुमार सिंह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है।