गाजीपुर। रबी के सीजन में खेतों की बुवाई तेज पकड़ने लगी है। इससे जिले में खाद की मांग बढ़ी है। इसको देखते हुए कृषि विभाग भी दिसंबर तक डीएपी उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटा है। रबी की बुवाई के दौरान जिले में डीएपी का लक्ष्य 27 हजार मीट्रिक टन था। दिसंबर तक 20,400 मीट्रिक टन उपलब्ध कराना था। जिससमें से अभी तक 17,400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराई गई है। वहीं, कृषि विभाग की मानें तो दिसंबर के लक्ष्य को पूरा करने के हिसाब से बृहस्पतिवार को 3440 मीट्रिक टन डीएपी की एक रैक जिले को जल्द उपलब्ध हो जाएगी। अगले एक-दो दिनों में 21 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा डीएपी जिले को उपलब्ध करा दी जाएगी। वहीं, पिछले दस दिनों में जिले के जमानिया, सेवराई और रेवतीपुर में रबी की बोवाई में तेजी हुई है। जिससे इन इलाकों में डीएपी की मांग भी अन्य क्षेत्रों के मुकाबले बढ़ी है। जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में रबी की बुवाई तेज हुई है। वहां के केंद्रों पर 24 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराने की योजना है। जबकि अन्य क्षेत्र के केंद्रों पर कम से कम 12 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी। बृहस्पतिवार को 3440 मीट्रिक टन के डीएपी का एक रैक आने पर एक दो दिन में सभी जगहों पर स्थितियां सामान्य हो जाएगी।