-मशीन और उपकरण उपलब्ध, जल्द ही ओटी में होंगे स्थापित
-समय की होगी बचत, बड़े ऑपरेशन से मरीजों को मिलेगी मुक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। अब लंबे समय तक अस्पताल में सर्जरी के बाद भर्ती रहने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला अस्पताल में अगस्त से दूरबीन विधि से सर्जरी होने लगेगी। इससे जहां समय की बचत होगी, वहीं बड़े ऑपरेशन से मरीजों को मुक्ति मिलेगी। इसके लिए संबंधित मशीन और उपकरण उपलब्ध हो चुके हैं। इसे जल्द ही स्थापित कराया जाएगा।
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल में लगातार चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का क्रम जारी है। एक तरफ जहां वार्ड में भर्ती एवं ओपीडी में परामर्श के लिए पहुंचने वाले मरीजों को जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, कई ऐसी जांच भी शुरू हो चुकी है, जिसके संचालन से मरीजों को अब निजी पैथोलॉजी केंद्रों तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
यहीं नहीं सर्जरी की भी सुविधा शुरू करने के साथ छोटे-छोटे और गंभीर बीमारियों का उपचार और ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अब तक कई ऐसी बीमारियों के ऑपरेशन हुए हैं, जो अब तक जिला अस्पताल के लिए असंभव थे। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दूरबीन विधि की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने निर्णय लिया।
इससे पथरी, हर्निया और गॉल ब्लेडर पथरी और सभी प्रकार के ऑपरेशन में दूरबीन शल्य चिकित्सा की जा सकेगी। इसके लिए मशीन और उपकरण के उपलब्ध होने के बाद इन्हें स्थापित कराने की तैयारियां तेज कर दी गई है। इस के शुरू होने से जनपद ही नहीं सटे आस-पास के जिले के लोग और गैर प्रांतों के मरीज भी लाभांवित हो सकेंंगे। सबसे अधिक सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मिल सकेगी।
-
अगस्त माह से दूरबीन विधि से सर्जरी शुरू हो जाएगी। मशीन और उपकरण उपलब्ध करा दिए गए है, जिसे जल्द ही स्थापित करा दिया जाएगा। -प्रोफसर आनंद मिश्रा, प्राचार्य,महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल काॅलेज