नंदगंज अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस समारोह का आयोजन विश्व बंधु आश्रम बेलासी के प्रांगण में रविवार को किया गया। इसमें बालिकाओं के समाज एवं परिवार में महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया । अतिथियों का स्वागत बालिकाओं के स्वागत नृत्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लगभग 350 बालिकाओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक जय किशन साहू ने अपने संबोधन में बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए अपने कर्तव्य का परिवार एवं समाज में पालन करने के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज की बालिका कल की बहू बनेगी इसलिए पहले शिक्षित एवं सफल बने और बहू बनने से पहले बेटी बनकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करें।
मुख्य वक्ता लुर्द बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका मीरा चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार को भी अमल करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बालिकाओं को सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहन दिए। इसी विषय पर अमरवानी ताजोपुर मऊ के नुक्कड़ टीम द्वारा चुप्पी तोड़ो पढ़ना लिखना, स्वस्थ, सुरक्षा, हक है मेरा का मंचन किया गया।
कार्यक्रम में कम्प्यूटर सेंटर बेलासी की बालिकाओं द्वारा लघु नाटिका, नृत्य एवं जागृति गीत ने लोगों का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में फादर अभय, फादर सुरजीत, सिस्टर लाइसा, सिस्टर पूनम, सिस्टर ममता, सिस्टर अग्नेस, सिस्टर ममता, सिस्टर नमिता, शांति देवी, प्रेरक राम वचन, श्रीकांत, सावित्री बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका मंजू भास्कर, सनराइज स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।