तेरह उपभोक्ताओं से सवा लाख के बकाया राजस्व की वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
सुहवल। रेवतीपुर विद्युत उपखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न गांवों में बीते सोमवार की शाम को विद्युत चोरी एवं बकाया बिल भुगतान के लिए बिजली विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान छह के खिलाफ चोरी का मुकदमा एवं तेरह उपभोक्ताओं से सवा लाख के बकाया राजस्व की वसूली की गई। एक दर्जन से अधिक बड़े बकाएदारों के कनेक्शन भी काटे गए। अभियान के चलते लोगों में अफरातफरी मची रही।
रेवतीपुर के उपखंड अधिकारी प्रवीन मौर्या के नेतृत्व में क्षेत्र के सुहवल, ढढनी, असांव, सोनवल, बहलोलपुर, डुहिया सहित अन्य गांवों में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्रवाई से बचने के लिए लोग कटिया कनेक्शन उतारने में लग गए। विभाग के अनुसार इस वर्ष जनवरी से लेकर 14 मार्च तक कुल 70 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि करीब डेढ़ करोड़ की वसूली हुई।
400 के आसपास बड़े बकाएदारों के कनेक्शन विच्छेदन के साथ ही 250 नए कनेक्शन भी दिए। एसडीओ ने बताया कि रेवतीपुर उपखंड के तहत चार विद्युत सब स्टेशन रेवतीपुर, ढढ़नी, ताड़ीघाट एवं नौली विद्युत सब स्टेशनों के तहत 16 फीडर हैं। इसके अंतर्गत करीब 50 गांव हैं, जहां 17 हजार के करीब विभिन्न तरह के उपभोक्ता हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न फीडरों से लगातार लाइन लॉस की शिकायत मिल रही थी।
पॉवर कॉरपोरेशन एवं प्रबंध निदेशक के निर्देश पर यह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसडीओ ने उपभोक्ताओं को चेताया कि विद्युत चोरी न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार क्षेत्र में अभी करीब चार हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने अभी तक मीटर नहीं लगवाया है। यही नहीं सैकड़ों ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन पर विभाग का करोड़ों का राजस्व बकाया है। इस अवसर पर अवर अभियंता आशीष कुमार, बाबू खान, पवन सिंह, शहजाद, सद्दाम, सलीम, संजय, महादेव एवं हीरालाल आदि मौजूद थे।
(फोटो भी)