भांवरकोल। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरिया निवासी और ग्राम पंचायत वीरपुर में दिव्यांग कोटे से राशन की दुकान चलाने वाले दोनों आंखों से अंधे दीनदयाल राम ने शुक्रवार की देर शाम थाने में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित दीनदयाल राम ने बताया कि वह दिव्यांग है, वे नेत्रहीन हैं। कोटे से प्राप्त सरकारी राशन की दुकान वीरपुर में वर्ष 2001 से ही चला रहे हैं। वह अपने भतीजे रजनीकांत राम के सहयोग से 19 जनवरी को राशन वितरण का कार्य कर रहे थे।राशन वितरण के दौरान ही दो लोग आए और भीड़ होने पर कहासुनी करने के साथ मारपीट करने लगे। वितरण रजिस्टर फाड़ डाले और जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। संवाद
मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुटी पुलिस
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर गांव में पुलिस ने सात लोगों के विरूद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक श्याम जी यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान ओमप्रकाश वर्मा की तहरीर पर सात लोग रामदयाल‚ निर्मला देवी‚ विमली देवी‚ धर्मा देवी‚ विधवा देवी‚ कमली देवी‚ निशा के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ये लोग अपने दरवाजे के सामने बने सीसी रोड को तोड़ कर बेदी का निर्माण किया है, जिससे सरकारी कार्य में गिट्टी, बालू, सीमेंट तथा सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हुआ। इसमें लगभग आठ से 10 हजार रुपये की क्षति हुई है तथा रास्ता भी अवरुद्ध हुआ, जिस कारण मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद
मारपी के मामले में मुकदमा दर्ज
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में भूमि विवाद पर दर्ज मुकदमा से क्षुब्ध लोगों ने मारपीट की। इस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि देवैथा गांव में जमीन संबंधित विवाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिससे नाराज हो कर सौदागर‚ अजय‚ प्रदीप एवं रामा यादव ने बीते 18 जनवरी की सुबह गाली गलौज करते हुए मारपीट की है। इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है। संवाद
पुलिस ने बैठक कर मांगा सहयोग
गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से रेल कर्मचारियों, कुली, वेंडर, आटो चालकों, सफाई कर्मचारियों, स्टेशन के बाहर स्थित दुकानदारों , कामगारों आदि के साथ अयोध्या मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और 26 जनवरी को हाई अलर्ट को देखते हुए आरपीएफ थाने पर प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अमित कुमार राय के नेतृत्व में एक बैठक की गई। बैठक में सभी का सहयोग मांगते हुए संदिग्ध और लावारिस सामानों पर विशेष नजर रखने और आरपीएफ जीआरपी पुलिस को सूचित करने की अपील की गई। संवाद
युवक के खिलाफ महिलाओं ने दी तहरीर
दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को घर में खाना बना रही विवाहिता का एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। जब विवाहिता की नजर पड़ी तो युवक फरार हो गया। तत्काल अन्य महिलाएं पीड़िता के साथ युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया कि मनबढ़ युवक ने खाना बनाने का वीडियो बनाया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है, जांच टीम को भेजा गया है। संवाद