नगर के कस्बा बाजार स्थित वार्ड नंबर 19 में पानी निकासी की व्यवस्था न होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जलजमाव के चलते मच्छर और रोगों के फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। तेज धूप के कारण सड़न युक्त दुर्गंध से आस-पास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुहल्ला निवासी मुमताज अहमद प्रमोद चौधरी लक्ष्मन पटवा राजेश वर्मा प्रेम कांत जयंती वर्मा गीता वर्मा का कहना है कि इस मोहल्ले में सड़क के दोनों तरफ मकान है और नाली सिर्फ एक ही तरफ है। नाली का दोनों सिरा ऊंचा है और बीच में गहरा है। नाली को नाव नुमा बनाया गया है। इससे पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इस कार्य का भुगतान भी नगर पालिका द्वारा कर दिया गया, लेकिन आज तक किसी ने यह जानने की जहमत नहीं उठाई कि नगर पालिका द्वारा बनाई गई नाली मानक के अनुरूप बनी है अथवा नहीं। नाली से पानी की निकासी हो पा रही है या नहीं। वही सड़क के दूसरी ओर तो नाली ही नहीं बनी है। ऐसे में घरों का गंदा पानी सड़क पर गिर रहा है। सड़क पर पानी गिरने से जलजमाव हो गया है। लंबे समय से लगातार पानी गिरने के वजह से पानी में काई लग गई है और सड़न की वजह से लोगों का रहना दुभर हो गया है। बारिश के समय स्थिति बद से बत्तर हो जाती है। शिकायत के बावजूद स्थितियां जस की तस बनी हुई है।