फिरोजाबाद जिले की पुलिस लाइन में खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाकर सुर्खियों में आए सिपाही मनोज कुमार ने अब गाजीपुर पुलिस लाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उसका कुछ समय पहले ही गाजीपुर तबादला हो गया था। उसने अब एक वीडियो वायरल कर पुलिस लाइन के भोजनालय एवं शौचालय की साफ-सफाई की व्यवस्था को दिखाया है।
वायरल वीडियो में सिपाही मनोज कुमार बता रहा है कि मैं वही सिपाही हूं, जिसने फिरोजाबाद की पुलिस लाइन में बने खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था और बवाल हुआ था। इसके बाद सिपाही भोजनालय कक्ष के बाहर का दृश्य दिखाता है, जहां कूड़ा फैला है। फिर शौचालय और बाथरूम की गंदगी को दिखाने के साथ बाथरूम के जर्जर फर्श को दिखाकर पुलिस लाइन की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है। मालूम हो कि उसका तबादला कुछ समय पहले ही फिरोजाबाद से गाजीपुर किया गया है। फिलहाल वह पुलिस लाइन में तैनात है। इस संबंध में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया सिपाही द्वारा वायरल वीडियो के मामले में विधिक कार्रवाई चल रही है।