डीएम आर्यका अखौरी ने बृहद गो-आश्रय स्थल परजीपाह का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। बृहद गोवंश आश्रय केंद्र परजीपाह का सोमवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर साफ-सफाई के साथ गंदगी पाए जाने पर केंद्र संचालक के साथ संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
केंद्र पर पशुओं का रख-रखाव ठीक नहीं होने पर सभी व्यवस्थाएं तीन दिन के अंदर ठीक करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान पशु शेड में गंदगी पाए जाने पर काफी नाराजगी जताई। केंद्र पर पशुओं को पानी पीने के लिए बनाए गए सीमेंटेड टैंक में काई पाए जाने पर केंद्र संचालक के साथ जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने पिछले दिनों आए चक्रवाती तूफान में केंद्र की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल और गेट टूटने के साथ टीन शेड को तत्काल ठीक कराने का निर्देश संबधित अधिकारियों को दिया। तूफान में केंद्र की बिजली आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से खराब है। पशुओं में फैल रहे लंपी बीमारी को ध्यान में रखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी को शीघ्र टीकाकरण करने का निर्देश दिया।
केंद्र पर बनाए गए कंपोस्ट के गडढ़े में पानी भर होने पर नाराजगी जताई। बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को शीघ्र ठीक कराने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी के निरीक्षण में केंद्र की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर तीन दिन में सभी व्यवस्थाएं ठीक करने के साथ संबंधित सचिव का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
इस मौके पर एसडीएम कासिमाबाद राजेश प्रसाद चौरसिया, तहसीलदार जया सिंह, खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद, सीवीओ एसके रावत, पशु चिकित्साधिकारी डा. अमित कुमार, एडीओ पंचायत धनंजय यादव आदि मौजूद रहे।