सेवराई तहसील क्षेत्र के महना गांव में खलिहान की भूमि से अतिक्रमण हटाता बुल्डोजर।
- फोटो : GHAZIPUR
सेवराई। तहसील क्षेत्र के महना गांव में रविवार को एसडीएम ने खलिहान की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए पांच मकानों को ढहा दिया। एहतियातन इलाके में फोर्स तैनात की गई थी। महना गांव के पश्चिमी तरफ खलिहान में कुछ लोग करीब चार दशक से अवैध रुप से कब्जा कर रह रहे थे। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत कर भूमि को खाली कराने को पत्र दिया था। प्रशासन ने मौके पर हल्का लेखपाल एवं राजस्व कर्मचारियों को भेजकर जांच करवाई थी। शिकायत सही मिलने पर कब्जेदारों को नोटिस जारी कर भूमि को खाली करने का निर्देश दिया गया थ। भूमि खाली न करने के कारण एसडीएम रमेश मौर्या के निर्देश पर दो जेसीबी मशीन से करीब एक घंटे चली कार्रवाई के तहत कब्जेदारों के मकान ढहाए गए। इस मौके पर तहसीलदार घनश्याम, राजस्व निरीक्षक राकेश राय, लेखपाल शिवाजी यादव, संतोष तिवारी, संजय कुमार उपाध्याय एवं दिलदारनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पांडेय मय फोर्स मौजूद रहे। एसडीएम सेवराई रमेश मौर्य ने बताया कि खलिहान की भूमि पर पांच कब्जेदारों कादिर, बाबुल, राजू, दिलीप कुशवाहा और सुबहान को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। आदेश की अवहेलना किए जाने के बाद कार्रवाई की गई।