गाजीपुर। जनपद में 29.50 लाख मतदाता हैं, जो ड्राफ्ट एलेक्टोरोल में प्रकाशित किए गए थे। इसमें से 11.50 लाख मतदाताओं का एसआईआर प्रक्रिया में गणना प्रपत्र डिजिटाईजेशन का कार्य पूरा हो चुका है। यह बातें कलेक्ट्रेट कक्ष में विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत विधानसभा क्षेत्र-378 मुहम्मदाबाद के तीन बीएलओ को सम्मानित करते हुए डीएम अविनाश कुमार ने कहीं। उन्होंने कहा कि जनपद में एसआईआर प्रक्रिया में लगे बीएलओ द्वारा बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। अच्छे कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया जा रहा है। कहीं किसी बीएलओ को कोई समस्या आ रही है, तो उसके लिए संबंधित उपजिलाधिकारी, एईआरओ, सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह बीएलओ को सहयोग करें। कोई तकनीकी समस्या आ रही है, तो अतिरिक्त अध्यापकों एवं पंचायत सहायकों की मदद लेकर कार्य पूरा कराए तथा बीएलओ को जितना हो सके सहयोग करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े सभी बीएलओ एवं संबंधित कार्मिक आपसी समन्वय के साथ मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त कर निर्धारित समयसीमा में उनका शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेरपुर खुर्द के बूथ संख्या-338 के पंकज कुमार राय, प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर के बूथ संख्या-298 की सीमा यादव, प्राथमिक विद्यालय कठार के बूथ संख्या-323 की बीएलओ विनीता राय को डीएएम ने अंगवस्त्रम व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।