-वर्ष 2024 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा, बोर्ड ने किया मानकों का निर्धारण
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए मानक तय कर दिए गए हैं। विद्यालयों पर किसी तरह की कमियां पाई जाएंगी तो उन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। यही नहीं, जिन केंद्रों को गत वर्ष के डिबार स्कूल भी केंद्र नहीं बनेंगे।
गाइडलाइन के मुताबिक उन विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा जो आधारभूत सूचनाओं एवं आंकड़ों को परिषद की वेबसाइट पर त्रुटि पूर्ण एवं भ्रामक अपलोड कराते रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप सचिव रामअवतार यादव ने बताया कि जिन वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य के मध्य विवाद हो तो ऐसे विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
सहायता प्राप्त और शासकीय विद्यालयों में प्रबंधन का विवाद हो तथा उसमें नियमानुसार प्राधिकृत नियंत्रक नियुक्त न हो और परीक्षा प्रभावित होने की प्रबल संभावना हो तो ऐसे विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र से वंचित रखा जाएगा। जिन विद्यालयों के परिसर में प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य के आवास अथवा छात्रावास निर्मित हों उन्हें भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इस स्थिति में राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों को इससे छूट रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों के परीक्षा कक्ष की खिड़कियां सार्वजनिक सड़क या किसी संकीर्ण गली में खुलती हो उन्हें असुरक्षित मानते हुए परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इसमें राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को छूट रहेगी। जिन विद्यालय के मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई गतिशील हो, उसे परीक्षा केंद्र बनाने से दूर रखा जाएगा।
पंजीकृत परीक्षार्थी 80 से कम होने पर केंद्र नहीं बनाया जाएगा
वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षा में जिन वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थियों का प्रतिशत 30 प्रतिशत या अधिक रहा है, ऐसे विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। 2024 की परीक्षा के लिए जिन वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के संयुक्त रूप से कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 80 से कम होगी, उन्हें भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।