मरदह। थाना क्षेत्र के मरदह-कासिमाबाद मार्ग स्थित डा. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित डायल 112 वाहन ने बाइक में टक्कर मार कर भागने लगा। इस दौरान बाइक वाहन में फंसकर घसीटती रही। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इधर पुलिस कर्मी नेम प्लेट निकालकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डायल 112 वाहन ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में नोनहरा के भंवरी मेहरौली गांव निवासी राजू कन्नौजिया, अभिषेक कुमार और विनीत कुमार घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पड़िता गांव से निमंत्रण से घर आ रहे थे। तीनों को सिर, हाथ, पैर में चोट आई है। तीनों का सीएचसी पर उपचार कराया गया। हालत गंभीर होने पर डाॅक्टरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों घायलाें की हालत खतरे से बाहर है, फिलहाल इलाज चल रहा है। डायल 112 वाहन के कर्मचारियों से पूछताछ हो रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।