दो दिवसीय 69वीं जनपदस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन पीजी कॉलेज के मैदान पर बुधवार को हुआ। प्रतियोगिता में ओवरआल चैंपियनशिप का खिताब विकासखंड देवकली को मिला। मुहम्मदाबाद एवं मनिहारी विकासखंड ने क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान प्राप्त किया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में जूडो, व्यायाम, विशेष प्रदर्शन, 400 एवं 600 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी एवं ऊंची कूद, खो-खो, डिस्कस थ्रो, वालीबॉल आदि खेल प्रतियोगिता का आयोजन प्राथमिक एवं जूनियर स्तर के बालक एवं बालिका वर्ग में किया गया। प्राथमिक स्तर के बालकों की लंबी कूद में रेवतीपुर के राजकुमार एवं बालिका वर्ग में करंडा की रंगोली यादव, प्राथमिक स्तर पर खो-खो में बालक वर्ग में कासिमाबाद एवं बालिका वर्ग में मुहम्मदाबाद ने पहला स्थान प्राप्त किया।
विकासखंड भांवरकोल, नगर एवं सैदपुर द्वारा एक भी पदक हासिल नहीं किया जा सका। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी अरुण सिंह एवं विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी पुष्पेंद्र पटेल उपस्थित थे। मुख्य अतिथि का स्वागत बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर किया। इसके बाद विकासखंड सदर द्वारा सरस्वती वंदना एवं विकासखंड मनिहारी की तरफ से विशेष प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक खंड शिक्षाधिकारी बाराचवर सुनील कुमार एवं पीजी कॉलेज के प्राचार्य डा. राघवेंद्र पांडेय को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, अनंत सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक अश्विनी राय, जिला स्काउट शिक्षक श्रीकांत, नीरज सिंह, राजेश सिंह, राजीव, विपिन, हिमानी आदि उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश प्रताप सिंह ने किया।