पुरानी पेंशन बहाली सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर विकास भवन परिसर में सोमवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष अंबिका दूबे ने सभी कर्मचारी, शिक्षक, श्रमिक संगठनों से आपसी मतभेद भूल कर आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की।
वहीं मांगों में प्रमुख रूप से पुरानी पेंशन व्यवस्था मूल रूप में बहाल करने, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था बहाल कर अभियान चलाकर कर्मचारियों पेंशनरों के हेल्थ कार्ड बनाने, संविदा, आउट सोर्ससिंग पर कार्यरत आंगनबाड़ी, रसोइयां, रोजगार सेवक, मनरेगा कार्मिक, एनआरएचएम कंप्यूटर आपरेटर, पीआरडी महिला / पुरुष होमगार्ड, एक अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित प्रशिक्षणाधीन राजस्व लेखपाल व अन्य संवर्गों को पुरानी पेंशन व्यवस्था से आच्छादित करने सहित गिनाईं। प्रदर्शन के दौरान अन्य कई विभागों के कर्मचारी, शिक्षक संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी धरना में उपस्थित रहे। बैठक को मुख्य रूप से मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, गोपाल खरवार, जीतेंद्र यादव व सूर्यभान राय, पवन पांडेय, संजय पांडेय, इं. सुरेंद्र प्रताप रहे। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश यादव एवं सुरेंद्र प्रताप ने किया।