लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भट्ट सराय गांव के सामने जमालचक और गोपालचक को जोड़ने वाली सड़क पर अंडरपास रास्त बनाने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास से गुजर रही नवनिर्मित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के बन जाने से इन गांवों को जाने वाला मार्ग बंद हो जाएगा। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था व विभाग के प्रति आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा भारतीय राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकरण व कार्यदायरी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को लिखित पत्र भेजा गया।
ग्रामीणों ने कहा कि भट्ट सराय गांव के क्षेत्रफल की दृष्टि से गांव का एक हिस्सा सड़क निर्माण में निकल जाने के बाद गांव से लोगों का रास्ता कट जाएगा। इन गांवों के पुरवे आपस में जोड़ने के लिए सड़क बनाया गया है जिसे ग्रीन फील्ड सड़क निर्माण में बंद किया जा रहा है। सड़क बंद कर दिए जाने से लोगों को खेती सहित बच्चों के विद्यालय, अस्पताल, रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों के लिए आने जाने के लिए समस्या खड़ी हो जाएगी। ग्रीन फील्ड निर्माण का विरोध नहीं कर रहे हैं, केवल विभाग द्वारा रास्ता उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर ग्राम प्रधान मन्नू यादव, पूर्व प्रधान दीनानाथ यादव, सुरेश यादव, बिहारी यादव, सर्वजीत, राम आशीष, अवधेश, रामायण, ललन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।