सुहवल। रेवतीपुर ब्लाक क्षेत्र स्थित उधरनपुर गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को ड्रोन के जरिए सर्वे टीम एवं राजस्व कर्मियों द्वारा घरौनी के गलत सीमांकन का आरोप लगाकर पंचायत भवन पर विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि अगर समय रहते गलत सीमांकन को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो ग्रामीण सड़क पर जनांदोलन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि इसमें सुधार को लेकर घरौनी के ड्राफ्ट पर ऑब्जेक्शन कर राजस्व लेखपाल को लौटाया भी गया था। जिसे लेखपाल के द्वारा तहसील मुख्यालय पर अभिलेख में दर्ज नहीं कराया। लोगों ने बताया कि महकमे ने आपत्ति का निस्तारण नहीं किया। और उसे आनलाइन डिजिटल अपलोड कर दिया गया, जिससे घरौनी का सर्वे गलत ढंग से ही उल्लेखित दिखा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गांव की आबादी करीब 2300 है, जहां 460 परिवार निवास करते हैं। हमारी जमीन हमारी पहचान है, जिसे बगैर पूछे- बताए जिस तरह से ड्रोन के जरिए गलत हवाई सर्वे किया गया है, उसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने मांग किया कि गांव का दोबारा ड्रोन के जरिए सही सर्वे करा उसे कम्प्यूटर में घरौनी का ड्राफ्ट सही तरीके से बिंदुवार अपलोड किया जाए।
बताया कि निजी कंपनी के द्वारा ड्रोन से किए सर्वे के कारण हुई अनेक गलतियां, जिसे अब ग्रामीण झेलने को विवश हैं। इस अवसर पर पूर्व प्रधान जितेंद्र कुमार राय, सूर्यानाथ राय, रामाशंकर पसवान, बेचू राम, विमल राजभर, पंकज राय, कृपाशंकर राय आदि मौजूद रहे।