कासिमाबाद। विकासखंड के जीयनपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को दर्जनों महिलाओं को लेकर तहसील मुख्यालय पर कोटेदार के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार कार्डधारकों का अंगूठा लगवाकर राशन नहीं दे रहा है। आज दिन में जीयनपुर के दर्जनों महिला एवं पुरुष कार्डधारकों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर पूर्ति निरीक्षक कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जीयनपुर के कोटेदार कार्डधारकों का अंगूठा मशीन पर लगवाकर राशन नहीं देते हैं। यही नहीं कोटेदार द्वारा जिसको राशन दिया जा रहा है उसको एक किलो से लेकर दो किलो तक कम दिया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे कार्डधारकों ने बताया कि शनिवार को कोटेदार की दुकान पर हम लोग राशन लेने गए तो कोटेदार ने कहा कि आज अंगूठा लगा दीजिए कल से राशन वितरण होगा। इस पर कार्डधारक गुस्सा कर तहसील चले आए और प्रदर्शन करने लगे। कार्डधारकों का आरोप है कि पिछले महीने भी हम लोगों से अंगूठा लगवा लिया गया और राशन नहीं दिया गया। गुस्साए कार्डधारकों को पूर्ति निरीक्षक संतोष सिंह ने समझा-बुझाकर वापस किया। आश्वासन दिया कि शिकायत सही मिली तो कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।