धामूपुर गांव में बलिदानी वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र य
दुल्लहपुर। धामूपुर गांव स्थित शहीद पार्क में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का 60वां शहादत दिवस श्रद्धा और भव्यता के साथ बुधवार को मनाया गया। मुख्य अतिथि आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि शहीद वीर अब्दुल हमीद की धरती पर आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। शहीदों की शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाती। सपा की सरकार बनी तो अग्निवीर योजना समाप्त होगी और युवाओं को न्याय मिलेगा। शहीद के नाम से दुल्लहपुर से एक ट्रेन चलाने की मांग को संसद में उठाया जाएगा। पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने कहा कि 1965 के युद्ध में शहीद अब्दुल हमीद ने पाक-अमेरिकी मंसूबों को ध्वस्त कर दिया था। विधायक जै किशन साहू ने गाजीपुर को शहीदों की धरती बताते हुए कहा कि यहां के पराक्रम को विश्व पटल पर सुनहरे अक्षरों में लिखा जाता है। एमएलसी गुड्डू जमाली ने युवाओं से नफरत और जातिवाद की राजनीति से दूर रहकर शहीद से प्रेरणा लेने की अपील की। स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। सुबह आठ बजे जखनिया उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, सीओ चोब सिंह, बीडीओ भीमराव प्रसाद, समाजसेवी निजामुद्दीन सिद्दीकी और आयोजक परवेज अहमद की अगुवाई में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सैकड़ों बाइक सवार युवाओं ने हाथों में तिरंगे के साथ भारत माता की जय और वीर अब्दुल हमीद अमर रहें के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जहां शहीद की शिलापट्टिका पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद यात्रा देवा, अमारी, झोटारी गांवों से होते हुए शहीद पार्क में पहुंची। वहां वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर हजारों लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद पार्क में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। करीब चार घंटे तक चले इन कार्यक्रमों में तिरंगे का गौरव, शहीदों का पराक्रम और भारत माता के प्रति श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। हजारों की भीड़ ने तालियों और जयघोष से बच्चों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत और सम्मान शहीद के बड़े पुत्र जैनुल अहमद ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, लालजी यादव प्रबंधक, सपा नेता मनीष साहू, विजय बहादुर यादव, प्रदेश सचिव कैप्टन जयवीर यादव, प्रबंधक बृजेश कुशवाहा, केशव यादव, गरीब राम संतोष यादव राम नगीना यादव नंदलाल यादव अवधेश यादव संतोष यादव सांसद प्रतिनिधि बलराम पटेल समेत हजारों की भीड़ मौजूद रही। कार्यक्रम अंत में आयोजक परवेज अहमद, समाजसेवी निजामुद्दीन सिद्धकी, संजीत प्रजापति ने आए हुए लोगों का आभार जताया।