लाल दरवाजा स्थित सर्किल ऑफिस परिसर में निजीकरण के विरोध में बैठक करते विद्युत विभाग के अधिकारी
- फोटो : आयोजक
गाजीपुर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार को शहर के लाल दरवाजा स्थित सर्किल ऑफिस परिसर में अगस्त क्रांति की पूर्व संध्या पर कॉरर्पोरेट घरानो पावर सेक्टर छोड़ो के तहत सभा आयोजित की गई। विद्युत मजदूर पंचायत के पूर्वांचल अध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा दिया था। आज बिजली जैसे महत्वपूर्ण महकमे का निजीकरण किया जा रहा है। इसके विरोध में आज कॉरर्पोरेट घरानों वापस जाओ एवं कॉरर्पोरेट घरानों पावर सेक्टर छोड़ो दिवस के रूप में मनाते हुए सरकार से निजीकरण पर पुनर्विचार करते हुए उसे वापस लेने की मांग की। जूनियर इंजीनियर संगठन के जिलाध्यक्ष मिथिलेश यादव ने कहा कि विद्युत कर्मी आखिरी दम तक निजीकरण का विरोध करेंगे और इसे नहीं होने देंगे। सभा में इंद्रजीत पटेल, अमित शेखर सिंह, दीपक कुमार, मनोज पटेल, गजानंद चौधरी, तपस प्रसाद आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता अरविंद श्रीवास्तव और संचालन अशोक कुशवाहा ने किया।