पुलिस लाइन सभागार व्यापारियों के साथ बैठक करते सीओ सिटी अनिल कुमार। स्रोत- पुलिस विभाग
गाजीपुर। व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक रविवार को पुलिस लाइन परिसर में हुई। इस मौके पर भारतीय आदर्श व्यापार मंडल ने व्यापारियों की सुरक्षा, प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, बाजारों में पुलिस व्यवस्था, व्यापारियों के साथ होने वाली समस्याओं तथा सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता के साथ उठाया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अनीस अहमद ने कहा कि व्यापारी केवल व्यापार नहीं करता, बल्कि रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर स्वयं को सुरक्षित महसूस करे। यह शासन-प्रशासन और व्यापारिक संगठनों की साझा जिम्मेदारी है। संगठन ने मांग रखी कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। व्यापारियों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लिया जाए तथा पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। बैठक में जिला प्रभारी सुनील साहू, जिलाध्यक्ष आसिफ खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष कुमार राय, शमीम, संतोष गुप्ता, मुमताज अंसारी, अरुण कुमार श्रीवास्तव, चंद्रकांत यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर अनिल कुमार ने की।