गाजीपुर। मुख्तार अंसारी के करीबी व बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रियाज अंसारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में लगी है। वहीं, सपा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र से मुलाकात की। बहादुरगंज नगर पंचायत के चेयरमैन रियाज अंसारी एवं उनकी पत्नी निकहत अंसारी के खिलाफ राजनैतिक विद्वेष से की जा रही कार्रवाई को रोकने की मांग सहित दर्ज मुकदमों को फर्जी बताया। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि रियाज अंसारी पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ कई बार से बहादुरगंज नगर पंचायत के निर्वाचित चेयरमैन रहे हैं।
जनता के बीच उनकी लोकप्रियता और बढ़ते वर्चस्व के चलते उनके विरोधी द्वेषवश लगातार उनके खिलाफ साजिश रचते रहे हैं। कहा कि जिस मकान का पुलिस प्रशासन ने ध्वस्त किया उसका बैनामा है। रियाज अंसारी द्वारा उस जमीन पर एक भी ईंट नहीं रखी। उन्होंने रियाज अंसारी और उनकी पत्नी पर दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे को जांच कर खत्म किए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव, जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर, नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, बलिराम यादव, सुभाष यादव आदि शामिल थे।