कासिमाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत सिधउत में कांग्रेस ने चौपाल लगाकर रविवार को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं जीएसटी पर चर्चा करते हुए लोगों से विचार आमंत्रित किया।
इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा का एकमात्र विकल्प कांग्रेस है। जब तक पार्टी सत्ता में नहीं आएगी इसी तरह महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी बढ़ती रहेगी। गरीब और गरीब होता जा रहा है एवं पूंजीपति और पूंजीपति होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाने की वस्तुओं पर भी भाजपा सरकार ने जीएसटी लगा दिया है। आटा, चावल, दाल, दूध, दही एवं छाछ जो रोजमर्रा के खाने की चीज है उस पर भी जीएसटी लगाकर यह सरकार गरीबों से भोजन छीनना चाहती है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर के तो दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा विधायक निधि का दुरुपयोग इस सरकार में हो रहा है। गड्ढा मुक्त का नारा देने वाली सरकार ने आज हर सड़क में गड्ढे ही गड्ढे बना दिए हैं। समय से बारिश न होने के कारण आज जिले का किसान सूखे की मार झेल रहा है। उन्होंने गाजीपुर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग किया।
कार्यक्रम में महासचिव सतीश उपाध्याय, ज्ञानप्रकाश सिंह, चौपाल कार्यक्रम के आयोजक विभूति राम, शेषनाथ दुबे, संजय सिंह, मोहम्मद सैफ अली, मुन्ना राम, महातम राम, सतेंदर राम, साहब राम, जितेंद्र राम, कृष्णकुमार, मनोज राम, देवनंदन, बेचन राजभर, नाथूराम, मुनीम, रामजन्म राम आदि मौजूद थे।