सेवराई। एशिया के बड़े गांवों में शुमार एवं सैनिक बाहुल्य गांव गहमर में गंगा नदी पर पैंटून ब्रिज के निर्माण की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में पूर्व ग्राम प्रधान एवं भाजपा नेता मुरली कुशवाहा ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रशाद मौर्य को ग्रामीणों का एक हस्ताक्षरयुक्त पत्रक भेजकर पीपा पुल के निर्माण की मांग की है। गहमर क्षेत्र के लोगों का अधिकतर खेत गंगा उस पार है। क्षेत्रीय लोगों को उस पार जाने के लिए 30 से 40 किलोमीटर की दूरी तयकर अथवा नाव के सहारे जाना पड़ता है। इस संबंध में कई बार ग्रामीणों द्वारा पीपा पुल की मांग की गई। क्षेत्र जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को महज आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। इस संबंध में श्री कुशवाहा ने बताया कि विगत कई दशकों से इस क्षेत्र के लोग पीपा पुल की मांग कर रहे हैं। वर्ष 1999 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के द्वारा एक पुल की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन कुछ कारणों से यह पुल गहमर में न बनकर रामपुर में बन गया। अगर इस पुल का निर्माण हो गया तो यहां के व्यवसायियों के साथ आमलोगों, किसानों को भी काफी सहूलियत होगी। इसके साथ ही गंगा उस पार यूसुफपुर लोगों का रेल परिचालन से सीधा संपर्क हो सकेगा। व्यापार के नए आयाम भी सृजन होंगे। इस हस्ताक्षर अभियान में मुन्ना पांडेय, भीष्म सिंह, बाल्मीकि सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह, शिवानंद सिंह, रामविलास राजभर, जयराम कुशवाहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।