जनपद ईंट निर्माता समिति के तत्वावधान में शनिवार को एक कोल्ड स्टोरेज के सभागार में मुहम्मदाबाद, बाराचंवर एवं भांवरकोल के ईंट भट्ठा संचालकों की बैठक हुई। इसमें सरकार की तरफ से ईंट पर छह गुना टैक्स लगाने के विरोध में हड़ताल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के महामंत्री लल्लन सिंह ने कहा कि कोरोना काल से ही ईंट व्यवसाय घाटे में चल रहा है। एक अप्रैल 2022 से सरकार द्वारा ईंट की बिक्री पर जीएसटी एक प्रतिशत से बढ़ाकर छह प्रतिशत और आईटीसी लेने पर पांच प्रतिशत से 12 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई है। यह वृद्धि 600 प्रतिशत है।
वहीं दूसरी तरफ कोयले के मूल्य में भी दोगुनी वृद्धि हो गई है। ट्रैक्टर से मिट्टी की ढ़ुलाई पर पुलिस प्रताड़ित करती है, ऐसे में लागत बढ़ जाने के कारण इस व्यवसाय को चलाना संभव नहीं है।
इसलिए सर्व सम्मति से आल इंडिया एवं उ.प्र. ईंट निर्माता समिति के निर्णय के अनुसार वर्ष 2022-23 में हड़ताल करने का निर्णय लिया जाता है। बैठक में मु. आसिफ, रामजीत यादव, भोला, अप्पू राय, शिववचन प्रजापति, मुन्ना यादव, प्रेमशंकर बिंद, पंकज आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता छोटेलाल राय ने की।
प्रह्लादराय अध्यक्ष बने
मुहम्मदाबाद। जनपद ईंट निर्माता समिति गाजीपुर की मुहम्मदाबाद में हुई बैठक में समिति के मुहम्मदाबाद तहसील के पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। इसमें सर्वसम्मति से प्रह्लाद राय लाला अध्यक्ष, प्रदीप राय उपाध्यक्ष, रामकेर यादव महामंत्री, हिमांशु राय संगठन मंत्री एवं मुन्ना यादव का कोषाध्यक्ष के रूप में चुनाव किया गया।