शादियाबाद थाना क्षेत्र के टड़वा टप्पा सौरी गांव के घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत के बाद भितरी- स?
- फोटो : GHAZIPUR
शादियाबाद/ मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के टड़वा टप्पा सौरी गांव में 19 दिन पहले हुई मारपीट में घायल मजदूर की मंगलवार की रात वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन बुधवार को शव लेकर गांव पहुंचे और सुबह सात बजे भितरी-सैदपुर मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पर भुड़कुड़ा सीओ चार थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। काफी मान-मनौव्वल और समझाने-बुझाने पर पांच घंटे बाद दोपहर 12 बजे जाम समाप्त हुआ। 10 दिसंबर को टड़वा टप्पा सौरी गांव निवासी विजय कुमार राम (35) एक घर के सामने खड़ा होकर लघुशंका कर रहा था। घर वालों को यह बात नागवार गुजरी और विजय को मारपीट कर गंभीर से घायल कर दिया था। घायल का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर पर चल रहा था। जहां मंगलवार की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग शव लेकर सुबह सात बजे शादियाबाद पहुंचे और भितरी-सैदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। वह दस लाख रुपये मुआवजा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। भुड़कुड़ा सीओ गौरव कुमार के साथ शादियाबाद, बहरियाबाद, सादात, भुड़कुड़ा थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची समझाने में जुटी रही। करीब पांच घंटे बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने जाकर जाम समाप्त किया। इस दौरान मृतक की पत्नी निर्मला देवी और मां बिलखते रहे। विजय के दो पुत्र आकाश, अमन और एक पुत्री गौरी है। वह मेहनत मजदूरी के साथ साथ बैंड पार्टी में बाजा बजाने का भी काम करता था। सीओ भुड़कुड़ा गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।