गाजीपुर। पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने सम्मेलन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी एमपी सिंह की उपस्थिति में अपराध गोष्ठी की गई। अपराध गोष्ठी के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा सख्त निर्देश दिया गया कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को कतई बख्शा न जाए। थाने पर आए प्रत्येक फरियादी के साथ अच्छा व्यवहार करें। गरीब, असहाय, आसक्त एवं महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता दें। वह उनकी समस्याओं के निराकरण में वरीयता दें। समस्याओं से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर जल्द से जल्द निस्तारण करें। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं की कार्रवाई पूर्ण करने के लिए आदेशित किया गया। यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी थाना क्षेत्र में कोई भी अपराध घटित न होने पाए अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। अपराध गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सहित क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी मौजूद थे।