सुहवल क्षेत्र के ढ़ढनी गांव स्थित हमले में घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज करते स्वास्थ्यकर्?
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। थाना क्षेत्र के ढढनी गांव स्थित ग्रामीण बैंक के पास रविवार को चाय की दुकान पर बैठे एक युवक पर एक हमलावर ने उस्तरे से हमला कर दिया। गर्दन पर कई वार से खून से लथपथ युवक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। इधर वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल की मां ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। ढढनी रणवीर राय निवासी अजय राय (27) ढढनी बाजार सामान लाने गया था। वह ग्रामीण बैंक के पास चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का मनबढ़ युवक मनीष राय पहुंचा और उस्तरे से अजय की गर्दन पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। इस दौरान दुकान में अफरातफरी मच गई। युवक लहूलुहान हो गिरकर अचेत हो गया। इधर जब-तक लोग हमलावर को पकड़ते वह भाग निकला। जानकारी होते ही परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है। घायल की मां रेखा राय ने बताया कि खून अधिक बहने से बेटे की हालत गंभीर बनीे है। गर्दन पर चौदह टांकें लगे हैं। चिकित्सकों ने बताया कि घायल के लिए 24 घंटे महत्वपूर्ण है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव ने बताया कि घायल युवक की मां रेखा राय की तहरीर के आधार पर आरोपी मनीष राय के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम गठित कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी । इस दौरान सूचना मिलने पर आरोपी को ढढनी रणवीर राय चंडी माता मंदिर के पास रविवार शाम में गिरफ्तार कर लिया गया। निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त उस्तरा भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।