भांवरकोल। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के शेरपुर कला गांव निवासी एवं सेना के सिग्नल कोर में मेरठ में तैनात सेना के हेड कांस्टेबल शिवाशंकर पासवान का पार्थिव शरीर आते ही गांव में पहुंचा। तबीयत खराब होने पर उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार शेरपुर गंगा घाट पर किया गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सभी ने नम आंखों से सैनिक को श्रद्धांजलि दी। शव के साथ आए सैनिकों ने उनको सलामी दी। शव के साथ आए नायब सूबेदार विष्णु कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि तैनाती के दौरान पांच दिन पूर्व शिवशंकर की तबीयत बिगड़ने पर उनको सैनिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। शेरपुर कला गांव के पारस पासवान के कुल चार पुत्रों में वह दूसरे नंबर पर थे। उनके दो अन्य भाई भी सेना में ही तैनात हैं। शिवाशंकर वर्ष 2001 में सेना के सिग्नल कोर में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। सैनिक का अंतिम संस्कार शेरपुर स्थित गंगा घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके पिता पारस पासवान ने दी। शव यात्रा में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय मोनू, अवध किशोर राय, ओमप्रकाश राय मुन्ना, चौकी इंचार्ज मनोज कुमार मिश्रा, सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।