थाना क्षेत्र के रक्साहां गांव के सिवान में रविवार को पानी भरे गड्ढे में एक युवक का उतराया शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के मौत की खबर मिलते ही परिजनों के रोने-बिलखने से मातम पसर गया।
रविवार को गांव के लोग सुबह सिवान के तरफ गए थे। इस दौरान उनकी नजर गड्ढे के पास गिरे बुलेट पर पड़ी। ग्रामीण जब गड्ढे के पास पहुंचे तो देखा कि एक तरफ बुलेट गिरा है तो पानी में अतरौली गांव निवासी शैलेश सिंह उर्फ जोनी (28) का शव पड़ा हुआ है। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों एवं पुलिस को दी। परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और युवक का शव देखकर रोने- बिलखने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक शैलेश सिंह उर्फ जोनी शनिवार की शाम छह बजे बुलेट लेकर मटर का बीज लाने के लिए बाजार निकला था। पुत्र की मौत से माता सुशीला देवी का रो रोकर बुरा हाल है। दो भाइयों में जोनी सबसे छोटा था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने आशंका जताई कि युवक पानी से भरे गड्ढे में गिर गया होगा और उसके ऊपर बुलेट गिरने से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।