जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर देवरिया गंगबरार स्थित झाड़ियों में एक व्यक्ति के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि पुलिस सांड़ के हमले से मौत की बात कहकर पल्ला झाड़ ले रही है।
सैदपुर कोतवाली के डहराकला गांव निवासी मुहम्मद हनीफ खान (50) सुबह नौ बजे घर से बाजार जाने के निकले। भाई मुहम्मद शमशेर खान ने बताया कि सुबह 11.30 बजे मुहम्मद हनीफ खान बाजार में पुत्र अरमान खान से मिले थे। उस समय वह एक बाइक पर किसी के साथ बैठे थे। उन्होंने पुत्र से कहा कि तुम घर जाओ, मैं कुछ देर में आ रहा हूं। इसके बाद शाम पांच बजे पुलिस का फोन आया कि मुहम्मद हनीफ खान का शव सब्बलपुर देवरिया गंगबरार स्थित झाड़ियों में मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल श्यामजी यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया सांड़ के हमले से अधेड़ की मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।