जखनिया। भुड़कुड़ा कोतवाली के जलालपुर धनी गांव में बुधवार की सुबह एक महिला का शव नीम के पेड़ पर फंदे पर लटकता मिला। मृतका की शिनाख्त गांव की एक महिला के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भुड़कड़ा कोतवाली के जलालपुर धनी गांव निवासी मंजू (26) पत्नी अरविंद राम मंगलवार की शाम अपने परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार की भोर में अरविंद की मां ने अपनी बहू मंजू को शौच जाने के लिए रोजाना की तरह आवाज दी। कई बार आवाज देने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकली तो उसकी सांस अंदर पहुंची। बहू को कमरे में न पाकर उसकी खोजबीन की। घर के पीछे लगे नीम के पेड़ पर उसका शव लटकता मिला। एक पेड़ पर महिला के शव मिलने की सूचना पर भुड़कुड़ा के कोतवाल अनुराग कुमार पुलिस के साथ पहुंचे और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता हरिराम भी पहुंच गए। उधर घटना के बाद मृतका के पति, तीनों बच्चे रो-रोकर बेहाल थे। इस बाबत भुडकुडा के कोतवाल ने बताया कि घटना की तहरीर मिली। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।