सैदपुर कोतवाली के एकौझी पुलिया के पास नदी किनारे मिले अज्ञात युवक की शव की सूचना पर पहुंची पुलिस ?
- फोटो : GHAZIPUR
औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के एकौझी पुलिया के पास उदंती नदी के किनारे शुक्रवार को 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने काफी देर तक युवक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। स्थानीय लोग युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। सैदपुर-बहरियाबाद मार्ग पर जाने वाले राहगीरों की नजर एकौझी पुलिया के पास नदी किनारे एक युवक की लाश पर पड़ी। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीण जुट गए। काफी प्रयास के बाद भी ग्रामीण मृतक की पहचान नहीं कर सके। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को देखने के बाद घटना स्थल के आसपास छानबीन की। काफी देर तक शव की शिनाख्त के प्रयास के बाद भी शव किसका है पता नहीं चल सका। पुलिस का मानना है कि युवक कहीं बाहर का है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। युवक शर्ट एवं पैंट पहने हुए था। उसके कपड़ों से भी कुछ ऐसा नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त होती। युवक के शव को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं। कुछ लोगों का कहना है कि इसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने की गरज से इसे यहां लाकर फेंका गया है। जबकि कुछ लोग पुलिया से गिरकर उसके मौत होने की भी बात कह रहे थे। पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी है। कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। ऐसे में शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। सोशल मीडिया के सहारे शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।