नंदगंज। थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में राजमिस्त्री सहित दो लोगों के शव मिले। राजमिस्त्री के शव की शिनाख्त परिजनों ने कर दी लेकिन दूसरे व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर कोतवाली के सराय मुनिमाबाद महराजगंज निवासी राजपति राम (50) बृहस्पतिवार को घर से कहीं जाने की बात कह कर निकले थे। जब देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार की सुबह उनका शव तलवल मोड़ पावर हाउस के पास मिला तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शरीर मेें कही चोट के निशान नहीं थे लेकिन दाहिना हाथ काला पड़ गया था। शव मिलने की सूचना पर परिवार वाले पहुंचे तो राजपति का शव देखकर बिलख उठे। ग्रामीणों ने उन्हें शांत कराया। पुत्र वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि पिता घर से कहीं जाने को निकले थे। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर, थाना क्षेत्र के नैसारा गांव के पास शुक्रवार को ट्रेन से कटकर 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों और पुलिस ने शव के शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास कराया जा रहा है।