गाजीपुर। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना कर्फ्यू के नियम-निर्देशों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। जिला एवं पुलिस प्रशासन की लाख सख्ती के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में दुकानदारों द्वारा निर्धारित समय का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। नंदगंज संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और प्रशासन की ओर से घोषित लाकडाउन को लोग मजाक बनाते हुए बेखौफ बाहर निकल रहे हैं। बाजार में सभी दुकानें धड़ल्ले से खुल रही है। दुकानदार कार्रवाई के भय से दुकान के बाहर का शटर बंद करके ताला लगा रहे हैं, लेकिन दुकान में लोग जाकर सामान की खरीदारी कर रहे हैं। इस खरीदारी में सामाजिक दूरी के पालन की कौन कहे, अधिकांश लोग मास्क भी नहीं लगाए रहते हैं। इस समय लाकडाउन को धता बताते हुए लोगों की बेखौफ आवाजाही जारी है। यात्री बसों के साथ आटो, मैजिक तथा अन्य गाड़ी वाले भी यात्रियों को बैठा रहे हैं। लोगों ने बताया कि इस समय लाकडाउन को लेकर पुलिस उदासीन बनी हुई है। कभी-कभी केवल कोरम पूरा कर रही है। पुलिस लाकडाउन का पालन कराने में निष्क्रिय बनी हुई है। प्रशासन द्वारा नए लाकडाउन की गाइड लाइन में दोपहर दो बजे के बाद मेडिकल स्टोर को छोड़कर सभी दुकानें बंद रखना है, लेकिन स्थिति यह है कि जनरल स्टोर, किराना, कपड़ा तथा आभूषण की दुकानें भी सुबह से शाम तक बैक डोर से खुली रहती है। किराना के दुकानदार तो सुबह सात बजे से दूसरे दरवाजे से, दस बजे से 2.30 बजे तक आगे का शटर खोलकर और इसके बाद शाम तक फिर दूसरे दरवाजे से बिक्री करते रहते हैं।