गाजीपुर/मौधा। संक्रमण जहां लगातार बढ़ता जा रहा है वहीं लोग उसके प्रति लापरवाही भी करते जा रहे हैं। लोग सड़कों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बाज नहीं आ रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू गाइड लाइन को लगातार दरकिनार किया जा रहा है। जहां बाजारों में भीड़ उमड़ रही हैं तो वहीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ाने में लोग पीछे नहीं है। सरकार ने 10 मई तक लाकडाउन घोषित किया है, लेकिन इस दौरान कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन साफ तौर पर यहां देखा जा रहा है। हालत यह है कि लोग अपनी और दूसरों की भी जिंदगी जोखिम में डालकर सामान्य दिनों की तरह ही आवागमन कर रहे हैं। सबसे अधिक हालत सैदपुर की दयनीय है। लोग कर्फ्यू का पालन करते नजर नहीं आ रहे हैं। ओवरलोड सवारियां भरकर ऑटो फर्राटें भर रहे हैं। बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे हैं। बेवजह सड़कों पर घूमने वालों से पुलिस कोई पूछताछ नहीं कर रही है। कई बाईक सवार तो बिना मास्क के भी सड़कों पर घूम रहे हैं। फलों और सब्जियों की दुकानों पर भी भीड़ लग रही है। बुद्धिजीवी लोगों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर काफी खतरनाक है। संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं। मौत का आंकड़ा दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है, लेकिन सैदपुर बाजार में जिला प्रशासन की गाइड लाइन को ठेंगे पर रखकर लोग बड़ी बेफिक्री से बाजारों में घूम रहे हैं। इतनी लापरवाही बड़े खतरे की ओर संकेत कर रही है। लेकिन लोग समझते हुए भी नासमझी पर अमादा हैं। मौधा : आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर समस्त दुकानों को बंद रखने के प्रशासन के आदेश के बाद भी सैदपुर में पान, गुटखा और पान मसाला के दुकानदारों ने एक और रास्ता ढूढ़ लिया है। अधिकांश ने इसकी बिक्री अपने घरों से ही शुरू कर दी है। नगर में धड़ल्ले से पान और गुटखा की बिक्री की जा रही है। दुकानदार महंगे दामों पर इसे बेचकर मोटा मुनाफा कमाने में लगे हैं। एसडीएम सैदापुर विक्रम सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सुबह छह बजे से दस बजे तक दूध, सब्जी और फल आदि आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई है। इसके अलावा किराना आदि की दुकानों को सुबह दस से दो बजे तक खोलने की अनुमति है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।