चांदपुर मोड के पास मुठभेड़ में घायल बदमाश को इलाज के लिए ले जाते पुलिसकर्मी। स्रोत- पुलिस विभाग
मौधा। थाना खानपुर पुलिस टीम की शनिवार की रात बदमाशों से हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश मुकेश उर्फ सिप्पू राजभर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गोली दाहिने पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक खोखा और दो कारतूस के अलावा चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। बदमाश के खिलाफ गाजीपुर और जौनपुर जिले में कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत चल रहे अपराध विरोधी अभियान के दौरान थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह मय टीम क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक इनामी बदमाश चांदपुर मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के दाहिने पैर में लग गई। उसे तत्काल सीएचसी खानपुर भेजा गया। वहां उसका उपचार कराया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकेश उर्फ सिप्पू राजभर निवासी सिगारपुर गहिरा, थाना खानपुर के रूप में हुई है। बताया कि अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ जौनपुर और गाजीपुर जिले में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।