शहर कोतवाली के आरटीआई चौराहे के पास सुबह बाइक सवार बदमाशों ने अपनी पत्नी को स्कूटी से स्कूल छोडने जा रहे पूर्व शिक्षक को गोली मार दी। इससे वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां से चिकित्सकों ने उन्हे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
ब्रह्मस्थान निवासी करंडा इंटर कालेज के सेवानिवृत शिक्षक रामधारी कुशवाहा (62 वर्ष) अपनी पत्नी कमला सिंह जो बुजुर्गा इंटर कालेज में शिक्षिका है उन्हें स्कूटी से लेकर प्रकाशनगर छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वह घर से निकले उसके कुछ ही दूरी पर आरटीआई चौराहे से पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद एक बदमाश ने जैसे ही दूसरी गोली मारना चाहा पीछे बैठी उनकी पत्नी चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचते बाइक सवार दोनों बदमाश वहां से भाग निकले। गोली लगने के बाद पूर्व शिक्षक स्कूटी सहित गिर पडे। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
दिनदहाडे हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रशांत श्रीवास्तव और राजेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल ले आए। जिला अस्पताल में एएसपी सिटी लल्लन राय तथा को-आपरेटिव यूनियन के अध्यक्ष पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
इस मामले में पूर्व शिक्षक की पत्नी कमला सिंह ने रघुनाथपुर निवासी पारस कुशवाहा, महेंद्र कुशवाहा, रमेश कुशवाहा एवं जमानिया के लोदीपुर निवासी राजेंद्र कुशवाहा, अक्षय कुशवाहा, संतोष तथा सत्यप्रकाश कुशवाहा के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि छावनी लाइन के महेंद्र कुशवाहा से इनका जमीन का विवाद चल रहा है। इस मामले की जांच की जा रही है।