थाना क्षेत्र के नायकडीह हाल्ट के पास रेलवे पटरी पर युवती की सिर कटी लाश मिली। यह सूचनाक्षेत्र में पहुंचते ही चहुओर सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव से 150 मीटर दूर स्थित गेहूं के खेत में उसका कटा सिर पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती की गला काटकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य को छुपाने के लिए मृतका को रेल पटरी पर लिटा दिया गया तथा सिर को पास के खेत में फेंक दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की गुत्थी सुलझ पाएगी।
नायकडीह रेलवे हॉल्ट के आसपास के लोग बुधवार की सुबह शौच के लिए रेलवे लाइन की तरफ गए थे। लोगों की नजर जैसे ही रेल पटरी पर सिर कटी लाश पर पड़ी, सभी अवाक रह गए। युवती की लाश मिलने की जानकारी धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र में फैल गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर युवती की तलाश में निकले परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। उसकी पहचान मऊ जनपद के रानीपुर थाना अंतर्गत अकबरपुर गांव निवासी रामदरश राम की बेटी लक्ष्मीना (18) के रूप में की गई। युवती के धड़ से करीब 150 मीटर की दूरी पर गेहूं के खेत में पुलिस को उसका कटा हुआ सिर मिला।
घटना स्थल पर छानबीन के दौरान पुलिस को एक पेड़ के नीचे कटे बाल और खून के धब्बे दिखाई दिए। पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी हुई है। उधर युवती की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत युवती के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की देर शाम अपने मां के साथ वह खेत की तरफ गई थी। मां से केवल 15 मीटर की दूरी पर थी कि अचानक गायब हो गई। परिजन युवती की तलाश पूरी रात करते रहे, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। परिजनों का कहना है कि युवती को अगवा कर उसकी निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई है।