सुहवल में बिक्रीकर विभाग की ओर से पकड़ा गया ट्रक।
- फोटो : ghazipur
बिक्रीकर विभाग ने बुधवार की देर शाम प्लाइवुड लदे दो ट्रकों को पकड़ा। यह सामान कर चोरी कर के ले जाए जा रहे थे। बिक्री कर विभाग ने यह कार्रवाई कर चोरी अभियान के तहत की। कर चोरी करने वालों के खिलाफ काफी समय से विभाग अभियान चला रहा है। असिस्टेंट सेल्स टैक्स कमिश्नर अच्छेलाल सिंह एवं वाणिज्य कर अधिकारी बीएल यादव ने अपनी टीम के साथ विभिन्न मार्गों पर बुधवार की शाम अभियान चलाया। इस दौरान जंगीपुर के पास मऊ की तरफ से दो ट्रक गाजीपुर की तरफ आ रहे थे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो चालकों ने वाहनों की गति बढ़ा दी। टीम ने पीछाकर वीर अब्दुल हमीद सेतु के पास ट्रक को पकड़ लिया और थाने ले आए।
ट्रकों पर प्लावुड लदे थे। जांच में अधिकारियों को कागजात अपूर्ण मिले। दोनों ट्रकों को सीजकर थाने की सुपुर्दगी में दे दिया। अभियान से हड़कंप मच गया। कई जगहों पर चालक अपने-अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ाकर इधर-उधर खिसक गए।इस संबंध में असिस्टेंट सेल्स टैक्स कमिश्नर अच्छेलाल सिंह एवं वाणिज्य कर अधिकारी ने बताया कि कर चोरी में लिप्त दो ट्रकों पर बड़ी मात्रा में प्लाईउड एवं उसकी चादर लदी थी जो फैजाबाद से पटना के लिए जा रही थी। उनका कागज भी जांच में पूरी तरह से अपूर्ण पाया। कुल 8 लाख की कर चोरी पकड़ी गई है। दोनों ट्रकों को सीजकर सुहवल थाने को सुपुर्द कर दिया गया है।