नंदगंज। थाना क्षेत्र के हरिहरपुर हाला गांव में गुरुवार की दोपहर मायके में आई एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका की मां ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हरिहरपुर कला गांव निवासी सुधा यादव की पुत्री आरती यादव (24) कुछ दिन पहले मायके में आई थी। गुरुवार की दोपहर संदिग्धावस्था में अचानक उसकी तबियत खराब हो गई। मां सुधा अपने पुत्र के साथ दवा लेने के लिए चली गई। दिन में करीब दो बजे वापस लौटी तो देखा कि आरती की मौत हो चुकी थी। वह चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही ससुराल के लोग भी वहां पहुंच गए। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतका के मुंह और नाक से झाग निकला था। मां ने अज्ञात कारणों से मौत होने की तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। बता दें कि हरिहरपुर हाला गांव निवासी सुधा यादव की पुत्री आरती यादव की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श गांव निवासी पिंटू यादव के साथ 2016 में हुई थी।