खानपुर। सीएम के निर्देश पर शनिवार को एसटीएफ ने थाना क्षेत्र के दाउदपुर मठिया गांव स्थित आदर्श किसान इंटरमीडिएट कालेज के एक शिक्षक के घर छापेमारी की। वहां हाईस्कूल गणित की परीक्षा के दौरान दर्जनों छात्रों की कापियां लिखी जा रही थी। टीम ने सामूहिक नकल करते 15 लोगों को पकड़ा। उनके पास से 34 उत्तर पुस्तिकाएं और 71 ए कापी बरामद की गई। इस संबंध में एसटीएफ प्रभारी अमित कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर प्रधानाचार्य, शिक्षक सहित 17 लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। सुबह पहली पाली में सवा आठ बजे से परीक्षा शुरू हुई। इलाके के आदर्श किसान इंटरमीडिएट कालेज में सामूहिक नकल की शिकायत मुख्यमंत्री को मिली थी। शनिवार को दाऊदपुर मठियां गांव में इसी विद्यालय के शिक्षक शैलेंद्र यादव के घर सामूहिक नकल की शिकायत पर एसटीएफ ने छापेमारी की। एसटीएफ प्रभारी के अनुसार पकड़े लोगों के पास से 34 कापी, 71 ए कापियों के साथ कई मोबाइले बरामद की गई। कापियों पर कई प्रश्नों के उत्तर तो लिखे हुए थे, लेकिन रोल नंबर नहीं अंकित था। जानकारी मिलने पर एसडीएम शिशिर कुमार, डीआईओएस अनिल कुमार मिश्रा आदि पहुंच गए। एसटीएफ प्रभारी की तहरीर पर थाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश यादव, अध्यापक शैलेंद्र यादव तथा 15 नकलची के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई के लिए बोर्ड को पत्र लिखा जाएगा। उक्त विद्यालय की शेष परीक्षाएं अब टाउन नेशनल इंटर कालेज सैदपुर में कराई जाएगी। आदर्श किसान इंटर कालेज दाउदपुर पर बची हुई कापियों को वहां से लाकर नए केंद्र पर पहुंचा दिया जाएगा। इस प्रकरण को बोर्ड को अवगत करा दिया गया है।