सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के बक्सड़ा गांव में बीते शुक्रवार की देर रात आधा दर्जन नकाबपोश डकैतों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया था। जिसमें एक महिला के सिर पर ईंट से वार कर उसे घायल कर दिया और हथियार के बल पर पौने तीन लाख नगदी और 70 हजार के जेवरात लेकर फायर करते हुए फरार हो गए थे। इस मामले में रविवार को घायल महिला के पति ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। घायल महिला रविवार को अस्पताल से घर पर लौट आई है। उसकी आंखों में घटना का खौफ साफ दिखाई दे रहा है। इलाके के बक्सड़ा निवासी किसान शिवमोहर यादव शुक्रवार की रात अपने खलिहान में सोए थे। जबकि उनकी पत्नी ऊषा देवी (45) अपने बच्चे हरिओम के साथ एक कमरे में तथा उसके कमरे के सामने स्थित एक अन्य कमरे में उसकी पुत्री गुड़िया सोई थी। रात में करीब एक बजे आधा दर्जन मुंह बांधे असलहाधारी डकैत दीवार फांदकर घर में घुस गए थे। वह कमरा में रखे सामानों को उठा रहे थे। इसी बीच नींद टूटने पर ऊषा कमरे से बाहर आई थी। जैसे ही उसने शोर मचाने का प्रयास किया, एक डकैत ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। डकैतों ने आवाज करने पर जान से मारने की धमकी दी थी, इससे ऊषा भयभीत हो गई थी। डकैत बक्सा और अटैची में रखे दो लाख साठ हजार नकदी और 70 हजार मूल्य के आभूषण लेकर फायरिंग करते हुए वह भाग निकले थे। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोट दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। उधर हालत में सुधार होने पर रविवार की शाम को ऊषा अस्पताल से घर आ गई। उसकी आंखों में घटना का खौफ साफ दिखाई दे रहा है।