सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफार्म नंबर दो पर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करते समय बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। स्थानीय बाजार निवासी अशोक राम (19) भोर में करीब 4 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अप लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मालूम हो कि भदौरा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर भदौरा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज होता तो लोगों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में काल का ग्रास नहीं बनना पड़ता।