गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव के पास मंगलवार की देर शाम करीब सवा सात बजे पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। बरेसर तथा मुहम्मदाबाद पुलिस की टीम ने वांछित तीन शातिर बदमाशों को धर-दबोचा। उनके कब्जे से 1 पिस्टल, 1 तमंचा, 8 कारतूस, एक चोरी की बाइक के अलावा मोबाइल फोन बरामद किया।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पकड़ में आए बदमाशों को पेश किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में नोनहरा थाना के सिउरीडीह निवासी अभिमन्यू सिंह, मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के परसा निवासी सुधांशु राय और अजय यादव शामिल हैं। उनका एक साथी अजीत यादव फरार है। वह बरेसर थाना क्षेत्र के रसूलपुर का है। बताया कि हत्थे चढ़े तीनों अपराधी किसी अपराध को अंजाम देने के लिए निकले थे। इसी बीच बरेसर तथा मुहम्मदाबाद पुलिस कटरिया गांव के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देख उन्होंने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ी में गिर पड़े और पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। इनके गैंग ने दो वर्ष पहले कासिमाबाद थाना के वेदबिहारी पोखरा बाजार में सराफा व्यवसायी लल्लन वर्मा की हत्या कर दी थी। इसी 17 जून को परसा गांव के सराफा व्यवसायी विनय कुमार वर्मा से पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी। फिर 24 जून को गैस सिलेंडर का कारोबार करने वाले परसा के ही विजयनारायण राय से दो लाख रुपए की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर गैंग ने पहली जुलाई को विजय नारायण राय की दूकान के सामने फायरिंग की और दो दिन बाद रंगदारी की रकम तीन लाख रुपए कर दी थी। अभिमन्यू के खिलाफ कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद, नोनहरा थाना में लूट, हत्या, गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट तथा आर्म्स एक्ट आदि के कुल पांच मामले पहले से दर्ज हैं। इसी तरह सुधांशु राय के खिलाफ मुहम्मदाबाद कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं। तीसरे बदमाश अजय यादव पर भी मुहम्मदाबाद कोतवाली में दो मामले दर्ज किए गए थे, जबकि इनके फरार साथी अजीत यादव के खिलाफ बरेसर तथा मुहम्मदाबाद कोतवाली में कुल चार मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में मुहम्मदाबाद कोतवाल पंकज मिश्र, एसओ बरेसर गौतम सिंह सहित एसआई विजय यादव, कांस्टेबल अमित यादव, धर्मेंद्र पटेल, रत्नेश कुमार, रोशन राव, सूरज कुमार एवं इबादत अली शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर पुलिस टीम को पांच हजार रुपए पुरस्कार की घोषणा की।