जमानिया। स्थानीय स्टेशन बाजार के कॉलेज रोड क्षेत्र में सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब किसी अन्य जिले की पुलिस एक सराफा व्यवसायी को जबरन अपने साथ उठा कर ले गई। इसके बाद नगर में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सोमवार की दोपहर किसी जनपद से आई पुलिस स्थानीय नगर के पुरानी पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक आभूषण व्यवसायी से पूछताछ के बाद उसे अपनी जीप में बैठा कर ले गई। इससे आसपास के नगरवासी एवं दुकानदार सकते में आ गए। देखते ही देखते वहां दर्जनों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए और तरह-तरह की चर्चा करने लगे। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अन्य जिले से आई पुलिस किस मामले में उक्त व्यवसायी को उठा कर अपने साथ ले गई है। लोगों के बीच चर्चा है कि शायद चोरी के आभूषण खरीदने या बेचने से संबंधित होने के कारण उसे पुलिस ने उठाया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।